पटनाः पश्चिमी पटना क्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में बिहटा थाना क्षेत्र में चलाए गए लगातार छापामारी अभियानों के तहत पुलिस ने दो फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहम कदम मानी जा रही है।

पहली गिरफ्तारी लूट कांड में वांछित अपराधी महेश नट की हुई है। लंबे समय से फरार चल रहे महेश नट को पुलिस ने उनके आवास राघोपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

वहीं, हत्या के प्रयास से संबंधित मामले में सुरेश भगत को उनके घर श्रीरामपुर से गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया। दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष बिहटा और उनके टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।

छापामारी दल का नेतृत्व सह-थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने किया, जिन्होंने सक्रिय रूप से सूचना के आधार पर दोनों अपराधियों की लोकेशन का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून और व्यवस्था मजबूत होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट