पटना। रामकृष्ण नगर के राम लखन पथ के सामने बने अंडरपास की बदहाली ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अंडरपास की एक लेन में लंबे समय से जमा गंदा पानी और कचरा साफ न किए जाने के कारण रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। दूसरी लेन पर पूरा दबाव आने से सुबह-शाम जाम लगना आम बात हो गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह अंडरपास सोरंगपुर देवी मंदिर के पास स्थित है। एक ओर इसका रास्ता कंकड़बाग के राम लखन पथ की ओर जाता है, जबकि दूसरी ओर रामकृष्णा नगर बाजार को जोड़ता है। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण रोजाना हजारों लोगों को इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है, लेकिन महीनों से एक लेन बंद रहने से राहगीरों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम, वार्ड पार्षद और जनप्रतिनिधियों को समस्या की जानकारी होने के बावजूद अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। अंडरपास के बाहर कचरे का ढेर और अंदर बदबूदार पानी फैलने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल होने की घटनाएँ भी सामने आ चुकी हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंडरपास में सिर्फ दो संकरी लेन हैं। एक लेन के बंद रहने से दूसरी लेन पर भारी जाम लग जाता है, जिससे स्कूल-ऑफिस जाने वाले लोगों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

लोगों ने नगर निगम से तत्काल सफाई अभियान चलाने, जमा कचरा एवं गंदा पानी हटाने, दोनों लेन चालू कराने और जलनिकासी व्यवस्था सुधारे जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव