पटना। गोपालपुर थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सोमवार की देर रात गुप्त सूचना के आधार पर चक बैरिया इलाके से आठ महीने से फरार चल रहे सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया।

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद से ही मायके पक्ष में भारी आक्रोश था। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार ने कुछ हद तक राहत महसूस की है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चक बैरिया निवासी संबत सिंह और उनकी पत्नी ममता देवी के रूप में हुई है। दोनों पर अपनी बहू की दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप है। घटना के बाद से ही ये दोनों भूमिगत थे, जबकि पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

गोपालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने जानकारी दी कि मृतका के परिजनों की ओर से दर्ज प्राथमिकी में सास-ससुर सहित अन्य को भी नामजद किया गया था। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई।

गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की भी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव