
पटना।
एम्स पटना के प्लास्टिक सर्जरी विभाग की प्रमुख डॉ. वीणा सिंह ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में देवघर में 4 और 5 अक्टूबर को आयोजित बिहार-झारखंड प्लास्टिक सर्जरी एसोसिएशन के वार्षिक सम्मेलन में उन्हें सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया है। आगामी वर्ष 2027 में वे इस प्रतिष्ठित संगठन की अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करेंगी।
इससे पूर्व भी डॉ. वीणा सिंह इस एसोसिएशन में सचिव के तौर पर अहम जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। इसके साथ ही, वे वर्तमान में नेशनल एसोसिएशन ऑफ प्लास्टिक सर्जन्स (राष्ट्रीय प्लास्टिक सर्जरी एसोसिएशन) में कोषाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी इस नियुक्ति को न सिर्फ एम्स पटना बल्कि पूरे बिहार और झारखंड के चिकित्सा समुदाय ने गर्व का विषय बताया है। चिकित्सा सेवा में उनके समर्पण, नेतृत्व कौशल और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए यह पद उन्हें सौंपा गया है।
एम्स पटना के चिकित्सकों और स्टाफ ने डॉ. वीणा सिंह को इस सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं और विश्वास जताया है कि उनके मार्गदर्शन में प्लास्टिक सर्जरी विभाग नई ऊंचाइयों को छुएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव