
कुर्था/अरवल।
हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों के घर पर पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया है और निर्धारित समय के अनुसार आत्मसमर्पण करने का सख्त निर्देश दिया है। कुर्था थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ढोल-बाजे के साथ थाना क्षेत्र के पिरही गांव पहुंचे जहां मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार कुर्था थानाक्षेत्र के पिरही गांव में एक किशोर की हत्या हो गई थी जिसके प्रतिघात में दूसरे तरफ से दो लोगों के साथ शक के आधार पर मारपीट की गई थी, जिसमें दोनों व्यक्ति की इलाज के क्रम में मौत हो गई थी। इस मामले में दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें एक पक्ष से पिरही गांव निवासी अभ्युक्त अमरेश कुमार, सुधीर कुमार, जीतन कुमार जो नामजद था जो 29 अप्रैल से फरार चल रहा था। वहीं दूसरे पक्ष से अभ्युक्त सूरज यादव व देवेन्द्र यादव भी कई महीनों से फरार चल रहा था। मामले में न्यायालय के निर्देश पर अभियुक्तों के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है। इस बाबत थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि कुर्था थाना कांड संख्या 120/24 एवं कांड संख्या 122/24 में हत्याकांड में फरार दोनों तरफ के 5 अभ्युक्तों के घर पर न्यायालय के निर्देश पर इश्तेहार चिपकाया गया है। यदि इसके वाबजूद एक सप्ताह में आत्मसमर्पण नहीं किया तो उनके घर कुर्की-जब्ती की जायेगी। थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर अपराध करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर पीएसआई स्मिता उपाध्याय, एएसआई चन्द्रदेव महतो, चौकीदार सुभाष पासवान, कमल यादव व थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर कुमार