
पटना।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज पटना पहुंच रहे हैं। उनका यह छह घंटे का दौरा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है और इसे आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़ा जा रहा है।
राहुल गांधी दोपहर 12 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे बापू सभागार जाएंगे, जहां वे ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम जाएंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और नए इंदिरा भवन का उद्घाटन करेंगे।
इस दौरे की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध बना हुआ है। कांग्रेस जहां 70 सीटों पर दावा कर रही है, वहीं राजद 150 सीटों से कम पर चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। राहुल गांधी इस दौरे में कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे और महागठबंधन में कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने पर फोकस करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी का यह दौरा न केवल महागठबंधन के अंदरूनी समीकरणों को साधने की कोशिश है, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनावी माहौल तैयार करने का भी प्रयास है।
ब्यूरो रिपोर्ट