पटना। पुनपुन प्रखंड में बाढ़ की स्थिति के बीच रविवार को फुलवारी विधायक श्याम रजक ने करीब दर्जनभर प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व्यवस्था की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सहायता समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।

दौरे के दौरान शेखपुरा गांव में नदी में डूबी बच्ची पूजा, पिता नन्दू पंडित, की घटना की जानकारी मिलने पर विधायक ने तत्काल गोताखोरों को मौके पर भेजा। गोताखोरों की मदद से बच्ची को नदी से बाहर निकाला गया। विधायक ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। आपदा की इस घड़ी में वे क्षेत्र के लोगों के साथ 24 घंटे खड़े हैं।

उन्होंने बताया कि जरूरतमंद परिवारों के बीच सामुदायिक रसोई के माध्यम से भोजन और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित गांवों के लोगों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

मौके पर पुनपुन प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, ओम सिंह, मनीष कुमार, रवि कुमार, गजेंद्र कुमार समेत जदयू कार्यकर्ता और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार