पालीगंज। पुनपुन नदी के बढ़ते जलस्तर ने पालीगंज प्रखंड के रूपापुर गांव की राह रोक दी है। नदी के तेज बहाव के कारण गांव को जोड़ने वाली सड़क कट जाने से ग्रामीणों का सड़क संपर्क बाधित हो गया है। ऐसे में अब लोगों की आवाजाही का सहारा नाव बन गई है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर अंचल प्रशासन ने प्रभावित इलाके में नि:शुल्क नाव का परिचालन शुरू करा दिया है।

नाव के जरिए ग्रामीणों को नदी पार कराया जा रहा है, जिससे जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को तत्काल राहत मिली है। वहीं, पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में पुनपुन के बढ़ते जलस्तर से कई अन्य गांव भी प्रभावित हैं। रूपापुर समेत कई इलाकों में पानी पहुंचने की सूचना है और कुछ स्थानों पर कटाव की स्थिति भी बनी हुई है।

प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय स्तर पर राहत व्यवस्था को सक्रिय रखने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा और कटाव रोकने के उपाय भी किए जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि नाव की सुविधा से फिलहाल आवागमन में राहत मिली है, लेकिन सड़क संपर्क टूटने से रोजमर्रा के काम, जरूरी सामान और आपात स्थिति में आने-जाने में परेशानी बनी हुई है। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत कर स्थायी रूप से आवागमन बहाल कराने की मांग की है।

अशोक कुमार की रिपोर्ट