
पटना। किसी बच्चे के हाथ में किताब और कलम पहुंचाना महज पढ़ाई की सामग्री देना नहीं, बल्कि उसके सपनों को उड़ान देने की कोशिश है। शिक्षक दिवस के मौके पर बी फॉर नेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित स्कूल में ऐसी ही पहल देखने को मिली, जहां आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों के बीच पढ़ाई की सामग्री वितरित की गई।

शिक्षक दिवस के अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के महासचिव शशि भूषण प्रसाद स्कूल पहुंचे। उन्होंने बच्चों के बीच पुस्तिकाएं, कॉपियां और पेन वितरित किए। पढ़ाई की सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस पर बच्चों के लिए यह उनकी ओर से छोटी-सी भेंट है। कोशिश है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो और उसे स्कूल आने के साथ-साथ जरूरी शैक्षणिक सामग्री के लिए भी परेशानी नहीं उठानी पड़े।

उन्होंने कहा कि किसी बच्चे के हाथ में किताब और कलम देना उसके भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

शशि भूषण प्रसाद ने बी फॉर नेशन फाउंडेशन के निदेशक के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना समाज के लिए अनुकरणीय कार्य है। ऐसी पहल से न केवल बच्चों को शिक्षा का अवसर मिलता है, बल्कि उनके परिवारों में भी बेहतर भविष्य की उम्मीद पैदा होती है।

शिक्षक दिवस पर आयोजित इस पहल ने यह संदेश दिया कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। एक बच्चे की पढ़ाई में किया गया सहयोग उसके साथ-साथ पूरे परिवार के भविष्य को बदलने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट मुकंद कुमार
