फुलवारी शरीफ/पुनपुन। बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ऐसे हालात में ग्रामीणों तक राहत पहुंचाने और प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विधायक श्याम रजक शुक्रवार को प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने फुलवारी शरीफ और पुनपुन प्रखंड के दर्जनभर गांवों का दौरा कर बाढ़ पीड़ित परिवारों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

विधायक ने धनुकी, चिहुट, सलालपुर, बकपुर सहित पुनपुन प्रखंड के श्रीपालपुर, दुलारपुर और लोदीपुर समेत कई इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने जलजमाव, आवागमन, भोजन, पशुओं के चारे और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने जैसी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। श्याम रजक ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

दौरे के दौरान विधायक ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मसौढ़ी एसडीओ और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार नावों की व्यवस्था बढ़ाने, बालू की बोरियां उपलब्ध कराने, आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने और सामुदायिक रसोई को सुचारू रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पानी बढ़ रहा है, वहां प्रशासन को पहले से तैयारी रखनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

श्याम रजक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में फुलवारी विधानसभा क्षेत्र की जनता को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित गांवों के लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने को कहा।

दौरे के दौरान विधान पार्षद रविन्द्र प्रसाद सिंह, जदयू ग्रामीण पटना जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, पुनपुन प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार