पटना: पति-पत्नी के झगड़े में बीच-बचाव करना एक पड़ोसी को भारी पड़ गया। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के पूर्वी एकता नगर में घरेलू विवाद शांत कराने पहुंचे राजेश कुमार पर पड़ोसी विजय ने चाकू से हमला कर दिया। कई वार लगने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार विजय और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे और राजेश कुमार दोनों को समझाने पहुंचे। इसी दौरान विजय भड़क गया और इसे अपना पारिवारिक मामला बताते हुए राजेश से उलझ पड़ा। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और विजय ने चाकू निकालकर राजेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद आरोपित विजय फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपित की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट अजीत कुमार