पटना: राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 118 पुड़िया ब्राउन शुगर (करीब 260 ग्राम) के साथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 860 रुपये नकद और एक रेडमी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के स्वराजनगर कनौजी में एक महिला अपने घर से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम अंचलाधिकारी, संपतचक की मौजूदगी में छापेमारी करने पहुंची। पुलिस को देखते ही महिला घर के अंदर चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से दरवाजा खुलवाकर उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान सीमा कुमारी (21) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान घर में रखे प्लास्टिक के झोले से 118 पुड़िया ब्राउन शुगर, करीब 260 ग्राम मादक पदार्थ, 860 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इस मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 361/26 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला पहले भी मादक पदार्थ और शस्त्र अधिनियम से जुड़े एक मामले में वांछित रही है। अब पुलिस ब्राउन शुगर की आपूर्ति करने वाले और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। महिला के कब्जे से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट अजीत कुमार