फुलवारी शरीफ: अल गयास नगर में गुरुवार को एक पारिवारिक विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकूबाजी की इस घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। एक को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया, जबकि दूसरे का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद गनी के पुत्र मोहम्मद साहिल और मोहम्मद अली के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवाद के दौरान साहिल की पत्नी ने अपने देवर मोहम्मद अली पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद महिला मौके से चली गई। इसी बीच जब मोहम्मद साहिल घर पहुंचा तो घायल अली ने गुस्से में उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया और डायल 112 व फुलवारी शरीफ थाना पुलिस को सूचना दी। मोहम्मद अली को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर किया गया, जबकि साहिल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष ने बताया कि घरेलू विवाद में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और महिला की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

रिपोर्ट अजीत कुमार