फुलवारी शरीफ। कुछ घंटों की बारिश थम गई, लेकिन चुनौती कुआं इलाके की सड़कें देर तक पानी में डूबी रहीं। नगर परिषद कार्यालय से महज कुछ दूरी पर सड़कें झील में बदल गईं और गंदा पानी घरों, दुकानों व बजरंगबली मंदिर परिसर तक पहुंच गया। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित रहा और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा।
सबसे अधिक जलभराव पंकज स्वीट्स, माली गली, ग्वालटोली, स्कूल स्ट्रीट, विजापुर रोड, शहीद भगत सिंह चौक, नगर परिषद कार्यालय, फुलवारी शरीफ थाना परिसर और नवदुर्गा मंदिर से सदर बाजार रोड तक देखने को मिला। कई फीट तक पानी जमा रहने से पैदल चलना मुश्किल हो गया, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों को ऊपर से ढक देने और नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता। पानी के साथ नालों की गंदगी और कचरा घरों व दुकानों में घुस जाता है, जिससे दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होती।
नागरिकों ने नगर परिषद से जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, नालों की प्रभावी सफाई कराने और चुनौती कुआं क्षेत्र के लिए स्थायी ड्रेनेज योजना लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो हर बारिश के साथ यह इलाका फिर जलजमाव की मार झेलता रहेगा।

रिपोर्ट अजीत कुमार