
बेलदौर: सरकारी योजनाओं के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण और शुरुआती शिक्षा की मजबूत कड़ी माना जाता है, लेकिन बेलदौर प्रखंड के पचौत पंचायत स्थित मध्य विद्यालय भरना परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 131 की तस्वीर कई सवाल खड़े करती है। बुधवार को केंद्र पर मात्र छह बच्चे मौजूद मिले। सेविका गुड़िया देवी और सहायिका अचारमैन देवी केंद्र पर थीं, लेकिन बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार मिलने वाला अंकुरित चना और गुड़ नहीं दिया गया। सेविका ने बताया कि बच्चों को भोजन कराया गया, लेकिन चना-गुड़ उपलब्ध नहीं था।
इस दौरान सेविका ने कैमरे से बचते हुए गंभीर आरोप लगाया कि पोषाहार मद की राशि में से हर महीने कथित तौर पर चार हजार रुपये दलाल के माध्यम से सीडीपीओ तक पहुंचाए जाते हैं। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर ने बताया कि बुधवार को किसी अधिकारी ने केंद्र का निरीक्षण नहीं किया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, केंद्र का ऑडिट और यदि आरोप सही पाए जाएं तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ब्यूरो रिपोर्ट सुदर्शन कुमार
