
खगड़िया। बेलदौर प्रखंड के पचोत पंचायत स्थित मध्य विद्यालय भरना में बुधवार को प्रभारी प्रधानाध्यापक का प्रभार लेने-देने के विवाद का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां लगभग ठप रहीं और शिक्षक आपसी विवाद में उलझे रहे। 581 नामांकित छात्रों वाले विद्यालय में महज 140 बच्चे ही उपस्थित हुए, जिन्हें पढ़ाई के बजाय हंगामा देखना पड़ा।

दरअसल, अवकाश से लौटे वरीय शिक्षक अमित कुमार ने प्रभार वापस मांगा, लेकिन प्रभारी के रूप में कार्य कर रहीं शिक्षिका अरुणा कुमारी ने मध्याह्न भोजन मद की राशि का हिसाब पूरा नहीं होने का हवाला देते हुए प्रभार देने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर मुखिया प्रतिनिधि, शिक्षा समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने मध्याह्न भोजन में अनियमितता और शिक्षा समिति की निष्क्रियता का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोहर कुमार ने स्पष्ट किया कि विभागीय आदेश के अनुसार अमित कुमार को प्रभार सौंपना अनिवार्य है, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था और बच्चों की शिक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

ब्यूरो रिपोर्ट सुदर्शन कुमार
