फुलवारी शरीफ। बेउर थाना पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही चार आरोपितों को रंगे हाथ दबोच लिया। महावीर कॉलोनी मोड़ स्थित एक जनरल स्टोर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से चार लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी का प्लास्टिक कोटेड कॉपर वायर भी बरामद किया गया, जिससे पुलिस को अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी उम्मीद है।
गिरफ्तार आरोपितों में रोहित राम (20) और अंकुश पासवान (19) शामिल हैं, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त सामान जब्त कर लिया है। बेउर थाना पुलिस ने बताया कि सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनका संबंध क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों से है या नहीं। पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार