बिहटा/पटना। “सरकार का लक्ष्य है कि बिहार का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे। निजी और सरकारी विद्यालय मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज को नई दिशा देता है।” यह बातें बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शनिवार को पटना के रविन्द्र भवन में आयोजित बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के सम्मान समारोह में कहीं।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बिहटा पब्लिक स्कूल, बिहटा के प्राचार्य एवं संघ के बिहार राज्य संयोजक डॉ. उदय कुमार सिंह को शिक्षा मंत्री ने सम्मानित किया। मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है और इससे राज्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के वरीय सदस्य नीरज कुमार तथा कुम्हरार विधायक संजय कुमार गुप्ता भी विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं, संघ की ओर से वर्ष 2026 में सीबीएसई एवं बिहार बोर्ड की दसवीं और बारहवीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करता है और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
समारोह में संघ के अध्यक्ष डी.के. सिंह, सचिव प्रेमरंजन, कोषाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सुहैल, सचिव परशुराम, बिहटा इकाई के अध्यक्ष श्यामनंदन मिश्र, महासचिव रंजय कुमार, सचिव ब्रजेश पटेल, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार सहित अजय कुमार, देवेंद्र कुमार और प्रदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा मेधावी विद्यार्थियों एवं समर्पित शिक्षकों को निरंतर प्रोत्साहित करने का संकल्प दोहराया गया।

ब्यूरो रिपोर्ट