
दानापुर। झारखंड एवं बिहार सब एरिया को नया सैन्य नेतृत्व मिल गया है। भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, विशिष्ट सेवा मेडल ने शुक्रवार को झारखंड एवं बिहार सब एरिया के 10वें जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उनके नेतृत्व से क्षेत्र की ऑपरेशनल क्षमता, प्रशासनिक व्यवस्था और पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मेजर जनरल जितेंद्र सिंह सैनिक स्कूल, रीवा और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं। उन्हें भारतीय सेना की कोर ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन प्राप्त हुआ था। लगभग तीन दशक के सैन्य करियर में उन्होंने ऑपरेशनल, सामरिक योजना और क्षमता विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं। विभिन्न सैन्य इकाइयों का नेतृत्व करने के अलावा वे एक्स-सर्विसमैन कॉन्ट्रिब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ECHS) के उप प्रबंध निदेशक भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण में अहम योगदान दिया। संघर्ष प्रबंधन, संघर्ष समाधान और सामरिक नेतृत्व के विशेषज्ञ मेजर जनरल जितेंद्र सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद सभी अधिकारियों, जेसीओ, जवानों और असैन्य कर्मचारियों से अनुशासन, पेशेवर उत्कृष्टता और राष्ट्र सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
ब्यूरो रिपोर्ट
