
फुलवारी शरीफ। पटना-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-98) पर एम्स मार्ग का नया टोला इलाका एक बार फिर सड़क हादसे के बाद चर्चा में है। शनिवार को तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से स्कूटी सवार जुली कुमारी (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति को मामूली चोटें आईं। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर किया गया। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन जब्त कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा अतिक्रमण और जर्जर सड़क को लेकर फूट पड़ा। लोगों का कहना है कि नया टोला से एम्स तक सड़क के दोनों किनारों पर वर्षों से अतिक्रमण है, जिससे सड़क संकरी हो गई है। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति दिखाई नहीं देती और भारी वाहनों की तेज रफ्तार हादसों का कारण बन रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद, सड़क निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, सड़क की मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और नियमित ट्रैफिक निगरानी की मांग की है।
रिपोर्ट अजीत कुमार
