
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कायस्थ समाज के विभिन्न संगठनों ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का फैसला किया है। सहाय सदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि विकास, सुशासन और प्रभावी नेतृत्व को ध्यान में रखते हुए नीरज कुमार सिन्हा का समर्थन किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि समाज के लोग प्रतिदिन घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।
कायस्थ चित्रगुप्त सेना, बिहार प्रदेश के अध्यक्ष पाण्डेय अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विभिन्न सामाजिक और वैचारिक संगठन मिलकर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को सहाय सदन में एक वृहद समागम आयोजित होगा, जिसमें आगे की चुनावी रणनीति और जनजागरण अभियान पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में मौजूद नेताओं ने मतदाताओं से जाति और वर्ग से ऊपर उठकर विकास एवं सुशासन के आधार पर मतदान करने की अपील की।
रिपोर्ट अजीत कुमार
