पटना। समाजसेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने वाले रोटरी पटना मिड टाउन ने नए सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी को जिम्मेदारी सौंप दी। होटल मौर्या में आयोजित 48वें पदस्थापना समारोह में प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजना कुमार ने अध्यक्ष, प्रमेश कुमार ने सचिव और राजेश गुप्ता ने कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। समारोह में नई टीम ने “स्वार्थ से ऊपर सेवा” के रोटरी के मूल मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि डायरेक्टर जनरल (विजिलेंस) जितेंद्र सिंह गंगवार (आईपीएस) ने कहा कि रोटरी दिव्यांग बच्चों, दृष्टिबाधित विद्यालयों, वृद्धाश्रमों, पोलियो उन्मूलन और कैंसर जागरूकता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नवादा में पदस्थापना के दौरान वे स्वयं नवादा रोटरी क्लब के चार्टर अध्यक्ष रह चुके हैं। विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला गवर्नर विपिन चचान ने भी नई टीम को शुभकामनाएं दीं।

सचिव प्रमेश कुमार ने क्लब की जनसेवा गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जबकि अध्यक्ष डॉ. रंजना कुमार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आर.एन. सिंह ने कहा कि रोटरी की सदस्यता सेवा और संवेदनशीलता का संकल्प है तथा हर रोटेरियन को जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

रिपोर्ट अमित कुमार