
फुलवारी शरीफ: शनिवार देर शाम फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर स्थित एनएच-98 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने वाल्मी परिसर में शोक की लहर दौड़ा दी। वाल्मी बिपार्ड में कार्यरत दो युवा कर्मियों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रवि कुमार और सोनित कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दोनों युवक बाजार से सब्जी खरीदकर बाइक से वाल्मी परिसर स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान गोविंदपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही वाल्मी परिसर और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। सहकर्मियों ने दोनों को मेहनती और मिलनसार बताते हुए गहरा दुख जताया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की पहचान में जुटी है। प्रारंभिक जांच में इसे हिट एंड रन का मामला माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट अजीत कुमार
