पटना: बिहटा-दानापुर एलिवेटेड सड़क निर्माण परियोजना में उपयोग होने वाली सामग्री की चोरी का मामला सामने आने के बाद निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। खगौल थाना क्षेत्र के सरारी गुमटी स्थित पोल संख्या-47 के पास से लोहे के चैनल चोरी कर लिए गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी फरार हो गया है।
जानकारी के अनुसार, सिगल कंपनी द्वारा बिहटा-दानापुर एलिवेटेड सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले लोहे के चैनल कार्यस्थल के समीप रखे गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सामग्री गायब कर दी। चोरी की जानकारी मिलने पर कंपनी के सुपरवाइजर अजीम ने खगौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस जांच में लखनीबिगहा निवासी छोटू और विकास कुमार की संलिप्तता सामने आई। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी का लोहा स्थानीय कबाड़ी तिवारी मांझी को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी के ठिकाने पर छापेमारी की, लेकिन वह पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया। हालांकि उसके यहां से चोरी किए गए लोहे के चैनल बरामद कर लिए गए।
अपर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार कबाड़ी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी की घटनाओं में किसी संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है।

ब्यूरो रिपोर्ट