पालीगंज। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पालीगंज-01 राजीव चन्द्र सिंह ने शनिवार को अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में हाल के दिनों में दर्ज मामलों तथा पूर्व से लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसडीपीओ ने अधिकारियों को अनुसंधान कार्य में तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गंभीर एवं जघन्य अपराधों के मामलों का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निष्पादन करने पर विशेष बल दिया, ताकि अपराधियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, रात्रि गश्ती बढ़ाने, फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तेज करने तथा अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस पदाधिकारियों को आमजन की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।

रिपोर्ट अशोक कुमार