
फुलवारी शरीफ। सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। पटना जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड की कुरकुरी पंचायत के नदियावां गांव में 16 जून को सरकार खुद गांव के दरवाजे पर पहुंचेगी। बिहार सरकार की ओर से आयोजित विशेष सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके साथ विधायक श्याम रजक, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
इस शिविर की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक, अंचल या जिला कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, आवास योजना, भूमि विवाद, बिजली, पेयजल, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी शिकायतों की मौके पर सुनवाई होगी। कई मामलों का तत्काल निष्पादन भी किया जाएगा।
कुरकुरी पंचायत के मुखिया रवि कुमार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग अपनी शिकायतों के साथ जरूरी दस्तावेज जमा कर सकेंगे।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री और अधिकारियों की मौजूदगी में वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान का रास्ता खुलेगा। पंचायत स्तर पर शिविर को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
रिपोर्ट अजीत कुमार
