
पटना: बढ़ती गर्मी के बीच एसी उपकरणों की चोरी करने वाले गिरोहों पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गौरीचक थाना पुलिस ने एसी के तांबे के पाइप चोरी मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के मुताबिक 16 मई 2026 को दर्ज चोरी के एक मामले की जांच में एसी के तांबे के पाइप चोरी करने की बात सामने आई थी। तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर गोसाई मठ टार निवासी सूरज कुमार और मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी राजू केवट के पुत्र हैं तथा गोपालपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान चोरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए तांबे के पाइप कहां बेचे जाते थे और इस वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट अजीत कुमार
