
दानापुर। दानापुर रेल पुलिस की सतर्कता से ट्रेन के जरिए हो रही वन्यजीव तस्करी का एक मामला उजागर हुआ है। विशेष सुरक्षा जांच अभियान के दौरान फरक्का एक्सप्रेस से एक दंपती को 19 जीवित कछुओं के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद कछुओं को सुरक्षित रखते हुए तस्कर दंपती को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग के हवाले कर दिया गया।
रेल पुलिस के अनुसार सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 15744 फरक्का एक्सप्रेस के एस-2 कोच में गश्त के दौरान शौचालय के पास एक दंपती संदिग्ध स्थिति में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को उनके हावभाव पर संदेह हुआ, जिसके बाद पूछताछ और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 19 जीवित कछुए बरामद किए गए।
गिरफ्तार लोगों की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पगड़ी गांव निवासी बबलू और उसकी पत्नी वितिया के रूप में हुई है। महिला आरोपी को महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में रखा गया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को हिरासत में लेकर वन विभाग को सूचना दी गई।
रेल थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि कछुओं की तस्करी वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत गंभीर अपराध है। प्राथमिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों और बरामद कछुओं को वन विभाग के हवाले कर दिया गया है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि कछुओं को कहां से लाया गया था और इन्हें किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी।
जानकारों के अनुसार कछुओं की तस्करी का संबंध अक्सर अवैध वन्यजीव व्यापार से होता है। रेलवे मार्ग का उपयोग कर तस्कर लंबे समय से विभिन्न राज्यों में वन्यजीवों की तस्करी करने की कोशिश करते रहे हैं। ऐसे में दानापुर रेल पुलिस की यह कार्रवाई वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट
