
पटना। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग ने राज्यभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि बिजली बाधित होने या ट्रिपिंग की स्थिति में तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अधिकारियों को ट्रांसफॉर्मर, बिजली पोल, तार और अन्य विद्युत उपकरणों की नियमित जांच तथा समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उपभोक्ताओं से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

ऊर्जा सचिव ने कहा कि गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सभी बिजली कंपनियां आवश्यक संसाधन और पर्याप्त मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करें ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सरकार के इस निर्देश का सीधा मतलब है कि आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अनावश्यक कटौती और तकनीकी खराबियों को कम करने पर विशेष फोकस रहेगा, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
ब्यूरो रिपोर्ट
