
पटना।
बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में पटना उत्पाद विभाग ने गौरीचक थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 3708 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 48 लाख रुपये आंकी गई है।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से भारी मात्रा में शराब की खेप पटना के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाली है। सूचना के आधार पर टीम ने गौरीचक के सैधानपुर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक संख्या RJ 32 GB 6221 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 412 कार्टन में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक सद्दाम, जो राजस्थान का निवासी बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया गया। उत्पाद विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक खेप नहीं, बल्कि एक बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की खेप किसके लिए मंगाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
विभाग ने शराब और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को हाल के दिनों में पटना जिले में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
रिपोर्ट अजीत कुमार
