धमदाहा। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उससे प्रभावित परिवारों की चिंता के बीच धमदाहा को एक नई सौगात मिली है। ब्लॉक रोड स्थित नवनिर्मित नशा मुक्ति केंद्र का सोमवार को उद्घाटन किया गया। यह केंद्र नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को परामर्श, उपचार और पुनर्वास की दिशा में सहायता प्रदान करेगा।
उद्घाटन समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम, मुख्य पार्षद रानी देवी, अंचलाधिकारी कुमार रवीन्द्रनाथ, कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा, थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार तथा जदयू नगर अध्यक्ष सूरज सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। खासकर युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। ऐसे में नशा मुक्ति केंद्र लोगों को सही दिशा दिखाने और उन्हें सामान्य जीवन में वापस लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
कल्याणी फाउंडेशन की ओर से संचालित इस केंद्र में आने वाले लोगों को मानसिक परामर्श, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि यह पहल क्षेत्र में नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को भी मजबूत करेगी और कई परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार