धमदाहा/पूर्णिया: लगभग चार दशक तक राजस्व विभाग में अपनी सेवाएं देने के बाद राजस्व कर्मचारी सुदीप कुमार वर्मा को सोमवार को धमदाहा अंचल कार्यालय में भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सरल स्वभाव, ईमानदार कार्यशैली और बेदाग सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार ने कहा कि सुदीप कुमार वर्मा ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 में मात्र 400 रुपये मासिक वेतन से नौकरी शुरू करने वाले वर्मा जी ने अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर सरकारी सेवा का लंबा सफर तय किया।
एसडीएम ने कहा कि वर्तमान दौर में जहां काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है, वहीं वर्मा जी ने हमेशा शांत और सकारात्मक तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनकी सेवापुस्तिका आज भी किसी कोरे कागज की तरह साफ है, जो उनकी कार्यशैली और ईमानदारी का प्रमाण है।
अंचल अधिकारी रविन्द्र नाथ कुमार ने कहा कि सरकारी सेवा में आने और जाने का क्रम चलता रहता है, लेकिन कुछ लोग अपने कार्यों और व्यवहार के कारण हमेशा याद रखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि युवा कर्मचारियों को सुदीप कुमार वर्मा के अनुभव और कार्यशैली से प्रेरणा लेनी चाहिए।
समारोह के दौरान अधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अंचल कार्यालय के कई कर्मचारी मौजूद रहे और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा करते हुए उनके योगदान को याद किया।

ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार