
बिहटा। तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते सेवन के खिलाफ रविवार को बिहटा में लोगों ने जागरूकता का संदेश दिया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आरा मोड़ से शुरू हुई जागरूकता रैली राघोपुर तिनमुहानी होते हुए गायत्री मंदिर परिसर तक पहुंची। रैली में शामिल लोगों ने तंबाकू सेवन से होने वाली बीमारियों और सामाजिक दुष्प्रभावों को लेकर विभिन्न संदेश दिए। प्रतिभागियों ने आमजन से नशे की लत से दूर रहने तथा परिवार और समाज को सुरक्षित रखने की अपील की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। युवाओं को विशेष रूप से इसके प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वयं जागरूक बने और दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
रैली में राकेश रंजन, विजेंद्र कुमार, शैलेंद्र कुमार, रविन्द्र कुमार, मदन राय, हरेंद्र गिरी, सुधीर शरण सिंह, संतोष कुमार, मोहन कुमार, रितेश कुमार, लव कुमार, प्रकाश कुमार, प्रभावती कुमारी, बेबी देवी, प्रतिमा देवी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
ब्यूरो रिपोर्ट
