
धमदाहा (पूर्णिया)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को अनुमंडलीय अस्पताल धमदाहा में तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. ऋषभ कुमार सिंह ने किया। इस दौरान अस्पताल कर्मियों, मरीजों एवं आम लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
डॉ. ऋषभ कुमार सिंह ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी सहित कई जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवन के लिए तंबाकू से दूरी बनाने की अपील की। कार्यक्रम में राज कुमार, बीणा कुमारी और बिनीता कुमारी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
जागरूकता अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि जनभागीदारी भी जरूरी है।
अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को तंबाकू छोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने तंबाकू से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
संतोष कुमार की रिपोर्ट
