पटना। परसा बाजार थाना क्षेत्र के लालू पथ में दो मासूम बच्चों की मां की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका राबड़ी देवी की मौत को लेकर हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी गुत्थी ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। सबसे मार्मिक पहलू यह है कि राबड़ी देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें दो वर्ष का पुत्र और मात्र छह माह की पुत्री शामिल हैं।
रविवार को हुई इस घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। मां की मौत से अनजान दोनों बच्चे लगातार रो रहे हैं, जिसे देखकर आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो जा रही हैं। मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच अलग-अलग दावे किए जाने से मामला और उलझ गया है।
मृतका के पिता उमा राय ने अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। घटनास्थल की स्थिति भी कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस के अनुसार शव घर के अंदर पलंग पर पड़ा मिला, जबकि मौके से न तो कोई रस्सी मिली और न ही कोई दुपट्टा बरामद हुआ।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह सामने आना जरूरी है ताकि सच्चाई का पता चल सके। वहीं घटना के बाद ससुराल पक्ष के कई सदस्यों के घर छोड़कर चले जाने की चर्चा भी इलाके में बनी हुई है।
सूचना मिलने पर परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पूरे मामले की सच्चाई सामने आने तक राबड़ी देवी की मौत कई अनुत्तरित सवाल छोड़ गई है, जबकि दो मासूम बच्चे अपनी मां की वापसी का इंतजार कर रहे हैं, जो अब कभी नहीं होगी।
अजीत कुमार की रिपोर्ट