फुलवारी शरीफ: बांकीपुर विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच रविवार को सिपारा स्थित एस.आर. गार्डेन में आयोजित एनडीए की चुनावी सभा उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहली बार किसी चुनावी जनसभा में जनता के बीच पहुंचे। चुनावी मंच से उन्होंने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि विकास की गति बनाए रखने के लिए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाना जरूरी है।
सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार का जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बिहार में शुरू की गई विकास और जनकल्याण की योजनाओं को वर्तमान सरकार आगे बढ़ा रही है और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचे।
इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि बीते वर्षों में पटना का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है और राजधानी अब देश के बड़े महानगरों की पहचान की ओर बढ़ रही है। उन्होंने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, चौड़ी सड़कों और आधुनिक आधारभूत संरचना का उल्लेख करते हुए विकास के मुद्दे पर एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सभा को कई मंत्रियों, विधायकों और एनडीए नेताओं ने भी संबोधित किया तथा नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में मतदान की अपील की।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार