
पटना।
राजधानी पटना के रिहायशी इलाके में चल रहे नशे के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संपतचक प्रखंड के नयाचक बेईमान टोला स्थित एक मकान में संचालित कथित मिनी ड्रग्स फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने 6 किलो 630 ग्राम ब्राउन शुगर, एक देशी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस और 18 लाख 66 हजार रुपये से अधिक नकद बरामद किए हैं। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई से यह खुलासा हुआ है कि सामान्य दिखने वाले एक मकान के भीतर लंबे समय से नशीले पदार्थों के भंडारण और सप्लाई का कारोबार चल रहा था। छापेमारी के दौरान न सिर्फ भारी मात्रा में ब्राउन शुगर मिली, बल्कि स्कॉर्पियो वाहन, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिससे नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच शुरू कर दी गई है।
पूर्वी पटना के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि गोपालपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नयाचक में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप पहुंची है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में घर के भीतर अलमारी के नीचे छिपाकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान कृष्णा कुमार राम को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मकान मालिक संतोष साव समेत कई अन्य तस्कर फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि यह अंतरजिला स्तर पर सक्रिय संगठित ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बरामद नकदी, हथियार और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि नशे के इस कारोबार से बड़े पैमाने पर अवैध कमाई की जा रही थी। पुलिस अब बैंक खातों, जमीन खरीद-बिक्री और आर्थिक लेन-देन की जांच कर पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।
पटना पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
