आरा(भोजपुर)।

बिहार की लेडी गवर्नर अनाघा अर्लेकर ने राजभवन से चलकर पूर्व राज्यसभा सांसद आर के सिन्हा के भोजपुर के बहियारा गांव पहुंची। लेडी गवर्नर ने श्री सिन्हा के साथ बहियारा गांव में चल रहे मिलेट्स आधारित आहार से जुड़े एक एक चीजों का जायजा लिया और यहां के मिलेट्स आधारित कृषि कार्यों की जमकर प्रशंसा की। मिलेट्स फार्म के निरीक्षण के दौरान लेडी गवर्नर ने प्राचीन खान पान को तैयार करने वाले ढेका,केलहु, जांता, घूनसार आदि को भी बिल्कुल नजदीक से देखा जहां ढेका से धान की कुटाई, केलहु से सरसो तेल की पेराई, जांता से चने की पिसाई, घूंसार से चना और अन्य अनाज की भुंजाई और सत्तू निर्माण जैसे कई पारम्परिक खान पान आधारित रिवाजों से खाद्यान्न तैयार किये जा रहे थे। भोजपुर जिले और खासकर शाहाबाद जनपद मे पहली बार पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ.आरके सिन्हा के गांव बहियारा में आई पुंगनुरु गाय को भी उन्होंने करीब से देखा और अपने हाथो से उन्हें भोजन भी कराया। फार्म में देशी गायों की गौशाला का भी भ्रमण किया और उन्हें गुड़ खिलाई। उन्होंने पूर्व राज्य सभा डॉ. आरके सिन्हा के इन कार्यों की जमकर तारीफ की और कहा कि उनका यह कार्य आने वाले दिनों में बिहार और देश के किसानो को भी मिलेट्स आधारित आहार की खेती करने और आने वाली पीढ़ी को रोगमुक्त करने के लिए आगे आने को प्रेरित करेगा।मिलेट्स आधारित आहार के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव और मिलने वाले लाभ के बारे में लेडी गवर्नर अनाघा अर्लेकर को जानकारी देते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. आरके सिन्हा ने उन्हें बताया कि मिलेट्स आधारित खान पान को अपना कर रोग को दूर भगाया जा सकता है। कोदो, कूटकी, ज्वार, बाजड़ा और सांवा जैसे मोटे अनाज खाकर लोग सौ साल से अधिक जीवन जी सकते हैं। बताया कि पुराने जमाने मे लोग ऐसे ही मोटे अनाज का सेवन कर सैकड़ो साल तक स्वस्थ एवं जीवित  रहते थे।मिलेट्स आधारित लकठो और खजूर के गुड़ से निर्मित लड्डू का लुत्फ भी उठाया और इसके स्वाद की तारीफ की। रामानंदी यज्ञानंद मेमोरियल दी इंडियन पब्लिक स्कूल का जायजा भी लिया। यह स्कूल ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को सस्ती एवं गुणवतापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खोला गया  है। क्षेत्र के बच्चों को सस्ती एवं अच्छी शिक्षा देने की सोंच  पर आधारित स्कूल के संचालन के लिए उनकी प्रशंसा की। लेडी गवर्नर अनाघा अर्लेकर के साथ बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के आप्त सचिव निखिल, रोहित और पूर्व राज्य सभा सांसद डॉ. आरके सिन्हा के प्रतिनिधि डॉ. सुरेन्द्र सागर के साथ ही कुछ अन्य गणमान्य लोग भी बहियारा आए हुए थे।

ब्यूरो रिपोर्ट: अनील कुमार त्रिपाठी